रिपोर्ट -सर्वोत्तम तिवारी,
* रमईपुर नौबस्ता स्थित एस. जे. महाविद्यालय में होगा आयोजन*
कानपुर। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास कानपुर प्रांत द्वारा एक दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग आगामी 29 मार्च, रविवार को आयोजित होगा। जिसमें न्यास के राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान न्यास के विभिन्न आयामों के कार्यकर्ताओं को निखारा जाएगा।
रमईपुर नौबस्ता स्थित एस. जे. महाविद्यालय में आयोजित होने वाले इस अभ्यास वर्ग के आयोजन में प्रांत के विभिन्न जिलों और शहरों से आने वाले कार्यकर्ताओं के बीच कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।
शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास कानपुर प्रांत की संयोजिका डॉ. बिंदू सिंह के अनुसार इस प्रांतीय अभ्यास वर्ग का उद्देश्य न्यास के दायित्ववान और नए कार्यकर्ताओं को एक तरह का प्रशिक्षण देना है। जिसमें न्यास के विभिन्न आयामों के कार्य, लक्ष्य और शैली से सभी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया जाएगा। साथ ही संगठन के समर्पित कार्यकर्ता के विकास में प्रवास की क्या भूमिका है और इसका क्या महत्व है? आदि के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
अभ्यास वर्ग में बताया जाएगा कि संगठन में व्यापक रूप से कार्य करने के लिए एक कार्यकर्ता को कैसे तैयार किया जाए? जोकि हनुमान चालीसा की एक चौपाई से स्पष्ट होता है, कि विद्यावान गुनी अति चातुर….
इन लाइनों को चरितार्थ करने वाले सभी गुणों में कार्यकर्ता को निपुण करने जैसी गूढ़ बातें अभ्यास वर्ग के दौरान न्यास के राष्ट्रीय पदाधिकारी बताएंगे। जिससे कि कार्यकर्ताओं को संगठन के विभिन्न आयामों के लिए अपनी-अपनी टोलियां बनाने और नए कार्यकर्ताओं को न्यास में शामिल करने में आसानी होगी।
कई चरणों में चलने वाले इस अभ्यास वर्ग के दौरान पंच परिवर्तन से समाज परिवर्तन पर व्याख्यान भी होगा। जिससे कार्यकर्ताओं को बहुत कुछ सीखने और समझने का मौका मिलेगा। यह अभ्यास वर्ग सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कानपुर प्रांत के प्रचारक श्रीराम जी, विवेकानंद विश्वविद्यालय सागर के कुलाधिपति डॉ. अजय तिवारी जी, न्यास के राष्ट्रीय सह संयोजक संजय स्वामी जी, इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह जी, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष/प्रांतीय अध्यक्ष शि.सं.उ. न्यास प्रो. अवनीश कुमार जी, पी. पी. एन. डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनूप सिंह जी, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास में वैदिक गणित के राष्ट्रीय सह संयोजक श्री राकेश भाटिया जी आदि विशिष्टजन अपने उदबोधन से संगठन के कार्यकर्ताओं के अंदर राष्ट्रहित में विस्तृत रूप से कार्य करने के लिए जोश भरेंगे।










